मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) में लॉकडाउन के दौरान भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बखरी पंचायत स्थित बैरागी टोला में घर में सो रहे अधेड़ की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि मोख्तार सहनी अपने घर के दरवाजे पर सोये हुए थे। शुक्रवार की देर रात लगभग दो बजे एक बाइक की दरवाजे पर आने की आवाज सुनाई थी। लेकिन हम लोगों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया। सुबह उठे तो मोख्तार सहनी खून से लथपथ बिछावन पर पड़े थे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया। हालांकि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।