नई दिल्ली। बीजेपी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए संकल्प पत्र जारी कर रही है। इसमें पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा, किसान कल्याण, युवा एवं महिला सशक्तिकरण पर खास जोर देगी। किसानों के कल्याण के संदर्भ में भाजपा को लोगों से बड़ी संख्या में सुझाव प्राप्त हुए हैं जिनमें किसानों के लिये ‘मासिक पेंशन योजना शुरू करने का सुझाव भी शामिल है। सूत्रों ने यह जानकारी न्यूज एजेंसी भाषा को दी है।
वहीं, तेजस्वी यादव ने आज आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राजद का घोषणा पत्र जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि राजद सरकार में भागीदार बनी तो आबादी के अनुसार आरक्षण दिया जाएगा। इसके लिए जातीय जगणना कराई जाएगी। उसकी रिपोर्ट भी सार्वजनिक की जाएगी। राजद ने इस घोषणा पत्र में सभी वर्गों को साधने की कोशिश की है। घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि निजी क्षेत्र में भी आरक्षण दिया जाएगा। मुस्लिम में पसमांदा के विकास की योजना बनाई जाएगी। इसके अलावा शिक्षा पर काम से कम 6 प्रतिशत खर्च किया जाएगा। रोजगार के लिए राष्ट्रीय एक्शन प्लान बनाया जाएगा।
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आज देश के अधिकांश घरों में बिजली है। 8 करोड़ से ज्यादा शौचालय हैं, 7 करोड़ गरीबों के घर में गैस कनेक्शन दिये गये हैं, 50 करोड़ गरीबों के लिए मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया गया है।
अमित शाह ने कहा कि पहले योजनाएं बनती थीं कि इतने घर बनाएंगे और इतने टॉयलट्स बनाएंगे। लेकिन अब है कि देश के हर एक को घर देंगे, शौचालय बनाकर देंगे। उन्होंने कहा कि हम जनता के सामने 75 संकल्प लेकर जा रहे हैं। भारत दुनिया में महाशक्ति बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि 2014 से 2019 की यात्रा भारत की विकास यात्रा के स्वर्णिम पांच साल हैं।
अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने बुनियादी जरूरतों को लोगों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने काले धन और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए कदम उठाए हैं।