जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, गोलीबारी और मारपीट में कई घायल

जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, गोलीबारी और मारपीट में कई घायल

Reported By BORDER NEWS MIRROR
Updated By BORDER NEWS MIRROR
On
बेगूसराय। जमीन विवाद पर रोक लगाने के लिए सरकार ने सभी थाना एवं अंचल स्तर पर जनता दरबार लगवा कर मामले का निपटारा शुरू करवाया है। इसके बावजूद जमीनी विवाद के कारण बेगूसराय में गोलीबारी थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की दोपहर भी बेगूसराय में दो पक्षों के बीच लंबे समय से […]

बेगूसराय। जमीन विवाद पर रोक लगाने के लिए सरकार ने सभी थाना एवं अंचल स्तर पर जनता दरबार लगवा कर मामले का निपटारा शुरू करवाया है। इसके बावजूद जमीनी विवाद के कारण बेगूसराय में गोलीबारी थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की दोपहर भी बेगूसराय में दो पक्षों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर जमकर गोलीबारी हुई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं, घायलों को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना छौड़ाही ओपी क्षेत्र के वाजितपुर गांव का है। जहां दो पक्षों के बीच 2010 से ही जमीन विवाद चलता आ रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन पर कब्जा को लेकर पिछले सप्ताह से ही दोनों पक्ष में विवाद तेज हो गया था। इसी दौरान गुरुवार को फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए तथा देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट के बाद ताबड़तोड़ गोली चलने लगी। गोलीबारी के दौरान बुच्ची दास, गौड़ी दास एवं दहाड़ दास को गोली लग गई। तीन लोगों को गोली लगते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई तथा आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है। मारपीट में भी चार लोग घायल बताए जा रहे हैं। गोलीबारी के बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है, कई थाना की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि दो पक्षों में जमीनी विवाद में गोलीबारी हुई है। मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचकर छानबीन में जुट गए हैं, दोषी पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि करीब दस साल पहले जमींदार की जमीन पर लाल झंडा गाड़कर कब्जा कर लिया गया था। इसी कब्जा के बाद से वामपंथ से जुड़े दो राजनीतिक दल के बीच लड़ाई शुरू हो गई। इस लड़ाई में पहले भी गोलीकांड और कई बार मारपीट हो चुकी है। गुरुवार को भी दोनों वामपंथी पार्टी के पक्षकारों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसमें मारपीट के दौरान ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई।

Tags:

Related Posts

Post Comment

Comments

राशिफल

Live Cricket

Recent News

Epaper

मौसम

NEW DELHI WEATHER