Spread the love
कठुआ। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में नए टोल प्लाजा के विरोध में मंगलवार को विभिन्न राजनीतिक पार्टियों सहित कठुआ के स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कई संगठनों ने एकत्रित होकर प्रवेशद्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व विधायक गिरधारी लाल चलोत्रा, पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता, कांग्रेस युवा नेता खुशबू भगत, पंकज डोगरा सहित कई कांग्रेसी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसी बीच प्रदर्शन का समर्थन कर रहे पैंथर्स पार्टी के रॉबिन शर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे जिन्होंने प्रवेश द्वार लखनपुर में एक विशाल प्रदर्शन किया और टोल प्लाजा बंद करने की मांग की।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हाईवे मंत्री नितिन गडकरी, पीएमओ डॉ जितेंद्र सिंह और बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र राणा के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
कांग्रेस युवा नेता खुशबू भगत ने कहा कि अगर प्रवेश द्वार लखनपुर में टोल प्लाजा को बंद नहीं किया गया तो इससे भी उग्र प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने मोदी सरकार से मांग की है कि इस टोल प्लाजा को तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सत्ता में थी तो बीजेपी वालों ने वोट बैंक के लिए जम्मू कश्मीर की भोली-भाली जनता को गुमराह किया था। उन्होंने कहा था कि जब भाजपा सरकार आएगी तब जम्मू कश्मीर में एक भी टोल प्लाजा नहीं होगा लेकिन जैसे ही भाजपा सरकार सत्ता में आई तो उन्होंने एक-एक कर जम्मू संभाग में 6 टोल प्लाजे स्थापित कर दिए। इससे साफ जाहिर है कि भाजपा सरकार जुमले वाली सरकार है और जनता को हमेशा गुमराह करती आई है। उन्होंने कहा कि कश्मीर में मात्र एक ही टोल प्लाजा है लेकिन जम्मू संभाग की भोली-भाली जनता पर 6 टोल प्लाजा लगाकर बोझ डालने वाला काम किया है।
इसी बीच पंकज डोगरा ने कहा कि भाजपा ने भी विजयपुर टोल प्लाजा का विरोध किया था और उस समय उस टोल प्लाजा को उखाड़ फेंका था। लोगों का विरोध देखते हुए उस समय की कांग्रेस सरकार ने टोल प्लाजा को तत्काल बंद कर दिया था। आज केंद्र में भाजपा की सरकार है और इस टोल प्लाजा को एक बार पहले बंद करके लोगों को गुमराह करके आज फिर से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर इस टोल प्लाजा को बंद नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में भाजपा के सांसद और केंद्रीय मंत्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। वही पैंथर्स पार्टी के जिला अध्यक्ष रॉबिन शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने डोगरों पर आर्थिक बोझ डाला है। उन्होंने कहा कि जम्मू संभाग की जनता ने 80 प्रतिशत वोट भाजपा को दिए थे और सत्ता में लाया था लेकिन भाजपा ने जम्मू संभाग के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया है। कश्मीर में मात्र एक ही टोल प्लाजा है, जबकि जम्मू संभाग में 6 टोल प्लाजा लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता इसका बदला आने वाले चुनावों में लेगी। उन्होंने कहा कि एक तरफ पेट्रोल डीजल के दाम दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं ऊपर से इस प्रकार के टोल प्लाजा लगाकर जनता पर बोझ डाल दिया है।
वहीं प्रदर्शनकारियों ने इकट्ठे होकर टोल प्लाजा की ओर कूच करना शुरू कर दिया लेकिन मौके पर तैनात कठुआ पुलिस सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। जैसे ही लोगों द्वारा टोल प्लाजा की और कूच किया गया तभी डीएसपी डीआर लखनपुर केडी भगत, एसएचओ लखनपुर संजीव चिब के साथ अन्य पुलिसकर्मियों ने उनको रोका। वही पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस बीच पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। वहीं इस धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने इन प्रदर्शनकारियों को बसों में बिठा कर हिरासत में ले लिया और कठुआ पुलिस लाइन में ले गए।