Spread the love
मोतिहारी, पूर्वी चम्पारण। नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएसपी अभियान एचएस गौरव व सिकरहना डीएसपी शिवेन्द्र कुमार अनुभवी तथा एसएसबी के इंस्पेक्टर जगत सिंह ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। जिसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार दोनों नक्सली शशिभूषण पासवान और अशोक पासवान खड़तरी गांव का निवासी है। दोनों नक्सलियों पर वर्ष 2005 में मधुबन स्थित एसबीआई की शाखा पर हमला कर तत्कालीन गार्ड रूपनारायण सिंह की हत्या कर दोनाली बन्दूक और एक लाख 39 हजार 889 रुपये लूटने का आरोप है। मामले को लेकर बैंक के रोकड़पाल विजय शंकर खां के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई थी। तभी से दोनों फरार था। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी अभियान एचएस गौरव ने बताया कि रविवार को पहले दोनों नक्सलियों की रेक कर पहचान की गयी। फिर मध्य रात्रि में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार शशिभूषण पासवान नियोजित शिक्षक है। जबकि अशोक पासवान पंचायत समिति का सदस्य है। जो लंबे समय से पुलिस की नजरों में फरार था और पुलिस दोनों को खोज रही थी। छापेमारी में चिरैया थानाध्यक्ष रामबाबू प्रसाद और मधुबन के संतोष कुमार शर्मा भी उपस्थित थे।