पुलवामा, 21 मई। जिले के पिरछु इलाके में गुरुवार को आतंकियों ने सुरक्षाबलों के एक दल पर हमला कर दिया। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं हमलावर आतंकी फरार हो गए। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
गुरुवार को सुरक्षाबलों ने जिले के पिरछु अंतर्गत खारकदल इलाके में नाका लगा रखा था। दोपहर बाद अचानक आतंकियों ने नाका पार्टी पर हमला कर दिया। आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की। जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभाल लिया। कुछ देर की गोलीबारी में आतंकी मौके से भागने में सफल रहे। जबकि सुरक्षाबलों के तीन जवान घायल हो गए। घायलों को तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया। लेकिन एक जवान अस्पताल में पहुंचने से पहले ही शहीद हो गया, जबकि दो अन्य काे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तलाशी अभियान जारी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले 24 घंटे में आंतकियों द्वारा सुरक्षाबलों पर किया गया यह दूसरा हमला है। बुधवार को आतंकियों ने श्रीनगर के पांचड क्षेत्र में बीएसएफ के गश्ती दल पर हमला कर दिया था। इस हमले में बीएसएफ की 37वीं वाहिनी के दो जवान शहीद हो गए थे।
Comments