
धार (मध्यप्रदेश)। धार और खरगोन जिले की सीमा पर धामनोद थाना क्षेत्र अंतर्गत खलघाट के पास सोमवार सुबह यात्रियों से भरी बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा नदी में गिर गई।
इस दौरान घाट पर मौजूद लोग और नदी में चल रहे नाविक बिना समय गंवाए बस के पास पहुंचे और यात्रियों को निकालने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही पुलिस राहत और बचाव दल के साथ पहुंची।
अब तक 11 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। कुछ यात्रियों को बचा लिया गया है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे का शिकार हुई महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम की यह बस इंदौर से महाराष्ट्र जा रही थी। खलघाट के पास यह हादसा हो गया। क्रेन के सहारे बस को नदी से निकाल लिया गया है। इंदौर कमिश्नर डॉ. पवन कुमार शर्मा और अन्य अधिकारी खलघाट के लिए रवाना हो चुके हैं।
बताया गया है कि इस बस ने खलघाट में 10 मिनट का ब्रेक लिया था। इसके बाद आगे बढ़ने पर गलत दिशा से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। बस में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल रेस्क्यू जारी है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवारों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा है कि जिला प्रशासन की टीम खलघाट पर मौजूद है।
बस को निकाल लिया गया है। खरगोन और धार जिला प्रशासन के साथ वह निरंतर संपर्क में हैं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे, संपूर्ण प्रदेश उनके साथ है।
Related Posts
Post Comment
राशिफल
Live Cricket
Recent News

Epaper
YouTube Channel
मौसम

Comments