
बिहार में नाव पलटने के हादसे पर कांग्रेस नेताओं ने जताया दुख, पार्टी कार्यकर्ताओं से मदद करने की अपील
नई दिल्ली। बिहार के भागलपुर में गुरुवार सुबह यात्रियों से भरी एक नाव पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि लगभग 50 लोग लापता हैं। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस हादसे में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देवा ने दुख व्यक्त किया है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद करने की अपील भी की गई है।
भागलपुर नवगछिया के तिनटनगा में गंगा में नाव पलटने की घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘भागलपुर में हुई नाव दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं। स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा है कि लापता यात्रियों की जल्द खोज व इलाज हो और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि सहायता का हर संभव प्रयास करें।’
वहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने भागलपुर के नवगछिया में नाव पलटने के हादसे को हृदय विदारक बताया। उन्होंने दुर्घटना में मृतकों के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं जताते हुए उम्मीद जताई कि सरकार बचाव कार्य में तेजी लाएगी ताकि अधिक से अधिक लोगों को बचाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि भागलपुर में नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटनगा करारी दियारा में 100 से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही एक नाव गंगा नदी में पलट गई। इस हादसे में जहां एक महिला की मौत हुई, वहीं 50 से अधिक लोग लापता हैं। जानकारी के अनुसार नाव पर बाइक और साइकिल आदि भी लोड की गई थी। फिलहाल लापता लोगों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि ओवरलोड की वजह से नाव पलटी।
Related Posts
Post Comment
राशिफल
Live Cricket
Recent News

Epaper
YouTube Channel
मौसम

Comments