
सरकार विकसित बिहार बनाने की ओर अग्रसर – राज्यपाल
पटना। विपक्ष के हंगामे के बीच बिहार विधानमंडल के संयुक्त सत्र को राज्यपाल फागू चौहान ने गुरुवार को सेंट्रल हॉल में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे यहां शांतिपूर्ण स्वतंत्रत और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हुए। राज्य की जनता ने विकास के एजेंडे को स्वीकार करते हुए सरकार का स्वरूप तय कर दिया है। बिहार में विकास के लिए सरकार संकल्पित है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारी सरकार समावेशी विकास के पथ पर चलते हुए विकसित बिहार बनाने की ओर अग्रसर होगी।
राज्यपाल चौहान ने कहा कि राज्य सरकार को केंद्र सरकार की मदद मिली है। गरीबों के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रहीं हैं, जो आगे भी चलती रहेंगी। छात्रवृत्ति और साइकिल योजना चल रही है। समाज के हर वर्गों के विकास के लिए सरकार काम कर रही है। पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान सरकार ने बेहतर काम किया है। लाखों लोगों का राशन कार्ड बनवाकर उन्हें मदद पहुंचाई गई। पिछले 15 सालों में राज्य के विकास दर में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कृषि के विकास के लिए रोडमैप बनाया जाएगा। राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा दिया गया है। किसानों को इसके लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्रों में भी लगातार काम कर रही है। सरकार कोरोना की रोकथाम के लिए शुरू से सचेत रही है और लगातार इस पर काम कर रही है। अन्य राज्यों में फंसे कुल 20.95 लाख लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 1000 रुपये प्रति व्यक्ति की दर से विशेष सहायता दी गई। विशेष चयन एवं अन्य माध्यम से अधिक संक्रमण वाले 11 शहरों से लौटने वाले 15 लाख से अधिक लोगों को 14 दिनों तक को क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया। उन्होंने कहा कि राज्य में सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना है। राज्य में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। अपराध, भ्रष्टाचार के रोकथाम के लिए व्यवस्था की गई है। बिजली के क्षेत्र में भी राज्य में सुधार आया है। हर घर बिजली पहुंचा दी गई है। हर घर जल, नली-गली पर काम हुआ है। सात निश्चय के तहत काम जारी है।
राज्यपाल फागू चौहान के अभिभाषण के बाद विधानसभा की बैठक 27 नवम्बर के दिन के 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद प्रश्नोत्तर काल नहीं होंगे। इससे पहले आज सदन में बिहार कराधान विवादों का समाधान अध्यादेश 2020, बिहार राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद संशोधन अध्यादेश 2020 पेश किया गया। इस दौरान दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
राज्यपाल के अभिभाषण में नौकरियों का जिक्र नहीं होने पर अब राजद-कांग्रेस के नेता एनडीए सरकार पर आक्रमक हो गए। गुरुवार को राज्यपाल फागू चौहान के संयुक्त सदन को संबोधित करने के बाद राजद नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में 19 लाख रोजगार को लेकर कोई कुछ नहीं कहा गया। इससे साबित होता है कि चुनाव जीतने के लिए 19 लाख नौकरी का वादा भी जुमला ही है। इस मसले पर विपक्ष सरकार को सदन से लेकर सड़क तक घेरेगा। इस मुद्दे पर विपक्ष शुक्रवार को सदन में जोरदार प्रदर्शन करेगा।
कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि सरकार ने जब चुनाव में घोषणा की है कि वह प्रदेश के नौजवानों को 19 लाख नौकरी देगी तो राज्यपाल के अभिभाषण में यह बात क्यों नहीं। विपक्ष इस मुद्दे को हल्के में नहीं लेगा। इस मसले पर संशोधन का प्रस्ताव भी दिया है।
Post Comment
राशिफल
Live Cricket
Recent News

Epaper
YouTube Channel
मौसम

Comments