नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के बीच आज बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए 71 सीटों पर मतदान हो गया है। ऐसे में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार की जनता से महागठबंधन के पक्ष में वोटिंग करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि लॉकडाउन की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए न्याय, रोजगार, किसान और मजदूरों के लिए सोच समझ कर मतदान करें।
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 16 जिलों के 71 विधानसभा क्षेत्रों के लिए कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह से मतदान जारी है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार के मतदाताओं से खास अपील की है। उन्होंने बिहार चुनाव के पहले चरण के मतदान की शुभकामना देते हुए ट्वीट कर कहा कि इस बार न्याय, रोजगार, किसान-मजूदर के लिए महागठबंधन को वोट करें। उन्होंने कहा कि आपके फैसले से ‘आज बिहार बदलेगा’।
महागठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करने राहुल गांधी आज फिर बिहार जाएंगे। वहां वो पश्चिम चम्पारण जिले के वाल्मीकिनगर तथा दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने भी विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार के मतदाताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि “बिहार में मतदान के पहले चरण में आज अपने मत का प्रयोग कर रोज़गार के अवसर, किसान व प्रवासी मज़दूरों के हित, महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों का भविष्य सुनिश्चित करें। बिहार वासियों को लोकतंत्र के उत्सव की शुभकामनाएं।”
जबकि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लॉकडाउन के समय प्रवासियों से पलायन की तस्वीर साझा कर उनके दर्द को याद किया है। बिहार के लोगों को उनकी समस्याएं याद दिलाते हुए वोट का सही फैसला करने की बात कहते हुए उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “वो तेरी आंख के आंसू, वो तेरे पांव के छाले.. तुझे सब याद है ना? आज वोट डालने वाले..!”
Related Posts
Post Comment
राशिफल
Live Cricket
Recent News
Epaper
YouTube Channel
मौसम



Comments