
किसान संगठनों के कल भारत बंद को मिला विपक्षी दलों का समर्थन
पटना। किसान संगठनों के मंगलवार को आहूत भारत बंद को बिहार के सभी प्रमुख विपक्षी दलों ने अपना खुला समर्थन दिया है। राजद-कांग्रेस व वामदलों के साथ उपेन्द्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने भी नए कृषि कानूनों को किसान विरोधी बताया है। इन नेताओं ने जनता का आह्वान किया है कि वह बंद को सफल बनाए। हालांकि इस बंद से सभी तरह की आपात व आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया है। वहीं, बंद को लेकर राज्य पुलिस मुख्यालय ने सभी सूबे के सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है।
राजद की तरफ से बताया गया है कि पार्टी के नेता-कार्यकर्ता पूरे बिहार में बंद के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। तेजस्वी यादव भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पटना में कल सड़क पर उतरेंगे। कांग्रेस के विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा ने कहा कि नया कृषि कानून किसानों का हक मारने की साजिश है। इसे कांग्रेस कभी सफल होने नहीं देगी। किसान संगठनों के बंद को समर्थन देकर कांग्रेस के कार्यकर्ता जिला व पंचायत स्तर तक इसे सफल बनाएंगे। उपेंद्र कुशवाहा के मुताबिक सभी जिलों में भारत बंद को सफल बनाने के लिए पार्टी के तमाम नेता एवं कार्यकर्ता तैयार हैं। केंद्र सरकार को नए कृषि कानून को रद करना ही होगा।
वामदलों ने राज्य के सभी 38 जिलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि भारत बंद के दौरान आपात सेवाओं को बाधित नहीं किया जाए। भाकपा-माले के राज्य सचिव कुणाल, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव अवधेश कुमार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय, फारवर्ड ब्लॉक के अमेरिका महतो और आरएसपी के वीरेंद्र ठाकुर ने संयुक्त रूप से बताया कि भारत बंद को सफल बनाने के लिए जिला व प्रखंड स्तर पर सारी तैयारियां की गई हैं। एम्बुलेंस, अस्पताल, शादियों के निकलने वाली बारात और मिल्क वैन समेत जनहित से जुड़ीं सारी आपातकालीन सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।
पुलिस-प्रशासन अलर्ट
बंद के दौरान उपद्रव व हंगामे के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का निर्देश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय का स्पष्ट निर्देश है कि बंद से आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। इसके अलावा प्रशासन के स्तर से भी प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। राज्य के सभी रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। बंद के दौरान ट्रेन रोकने वालों पर प्रशासन की नजर रहेगी। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया है कि बंद के दौरान गड़बड़ी फ़ैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए।
Related Posts
Post Comment
राशिफल
Live Cricket
Recent News

Epaper
YouTube Channel
मौसम

Comments