इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के सरकारी और निजी स्कूलों में टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ के 380 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह जानकारी आधिकारिक रिपोर्ट से मिली है।
रिपोर्ट में डायरेक्टोरेट जनरल मॉनिटरिंग एंड एवैलुएशन की ओर से कहा गया है कि इन 380 मामलों में से 246 मामले प्रांतीय राजधानी कराची में पाए गए हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 12 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्कूलों से जुड़े 64,827 लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है।
इन लोगों में से 54,199 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि 10,248 लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।
इसके अलावा 29 जिलों में 2,108 शैक्षणिक संस्थानों में महामारी के संबंधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के लिए निरीक्षण किया गया। इस दौरान 46 सरकारी और एक निजी स्कूल को इन्हें लागू नहीं करने पर सील कर दिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार 857 स्कूलों में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। 1,039 स्कूलों में हाथ धोने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और सैनिटाइजर भी उपलब्ध नहीं थे। 807 स्कूलों में कीटाणुनाशक स्प्रे नहीं किया गया था। 1,204 स्कूलों में शौचालय साफ नहीं थे। 1,352 स्कूलों में कोरोना संबंधित गाइडलाइन को प्रदर्शित नहीं किया गया था।
Comments