नई दिल्ली। हाथरस प्रकरण पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने हाथरस की बेटी के साथ अमानवीय कृत्य किया। उसके साथ दुष्कर्म हुआ और फिर उसकी रीढ़ की हड्डी तोड़ दी गई। आखिर में उस बेचारी की जान चली गई। उन्होंने कहा कि हम जनतंत्र में रहते हैं और सत्ता में बैठे लोगों को ये नहीं भूलना चाहिए कि वो इस देश के मालिक नहीं हैं बल्कि जनता के सेवक हैं।
केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ़ तो उन दरिंदों ने उस लड़की के साथ ये कृत्य कर उसकी जान ले ली और दूसरी तरफ़ सत्तापक्ष ने जो व्यवहार किया उस बच्ची के साथ, उस परिवार के साथ। हिन्दू धर्म में कहते हैं कि रात में चिता को अग्नि नहीं दी जाती है, लेकिन उसको रात को ही जला दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से सत्तापक्ष ने हाथरस पीड़िता और उसके परिवार वालों के साथ व्यवहार किया वो बेहद ग़लत है। हम जनतंत्र में रहते हैं और सत्ता में बैठे लोगों को ये भूलना नहीं चाहिए कि वो इस देश के मालिक नहीं हैं बल्कि जनता के सेवक हैं।
Comments